Monday, July 6, 2020

प्रेम परिभाषा

कुछ खिले अनखिले फूलों सी,
सावन की मतवाली झूलों सी,
फरवरी की ठंडी बहारों सी,
सावन की रिमझिम फुहारों सी,
कुछ कही अनकही आशा है,
प्रेम की यही परिभाषा है।

कान्हा की मधुर मुरली सी है,
नभ में चमचम बिजली सी है,
है बालपन का जोश भरा,
यौवन की तरह पगली सी है,
निश्छल एक प्रेम पिपाषा है,
प्रेम की यही परिभाषा है।

उन्माद भरा ये सागर है,
जल से लथपथ इक गागर है,
बस अपनेपन का भूखा है,
अमृतरस में डूबा मधुकर है,
इक तृष्णा है, इक भाषा है,
प्रेम की यही परिभाषा है।

अपनी तन्हाई का आलम क्या बताएँ हम,
बस एक सुबह होती है, बस एक शाम होती है।
पथरा गयी हैं आँखें उनके दीदार को,
उनके सजदे में ज़िन्दगी अब तमाम होती है।।

Wednesday, January 29, 2020

कभी हँसाती, कभी रुलाती है ज़िन्दगी,
हर पल नया तमाशा दिखाती है जिंदगी,
चलना भी हम चाहें गर अपने दम पर,
अपने इशारों पे नचाती है जिंदगी।
किसी की आंख का मोती, कभी नासूर होता है,
कभी जो पास था चेहरा, वो कितना दूर होता है,
जवानी में हजारों ख्वाइशें कुर्बान की जिसने,
बुढापे में वही चेहरा, क्यों मजबूर होता है।

कही लब पे गुज़ारिश है, कही लब पे सिफारिश है,
कही भीगी सी आंखों में, फकत मिलने की ख्वाइश है,
जो तेरे पास है कर ले उसी में सब्र ऐ बंदे,
मिलाया है, छुड़ाया है, ये सब उसकी ही साज़िश है।

Tuesday, August 25, 2015

उम्मीद

 कभी जो देखोगी मुड़ के, मुझको याद करोगी ना,
कभी यूँही चलते फिरते, मुझको याद करोगी ना.

सावन की ठंडी फुहारों में, जब याद तुम्हारी आती है,
अनभीगे से रह जाते हैं,  बूँदें जब तन छू जाती हैं,
उस वक़्त कभी तुम भी शायद, ठण्डी आँहें भरोगी ना
मुझको याद करोगी ना

पतझड़ का  मौसम जब आये, तपती सी हवाएं चलती हैं,
बिन पानी हम तो तड़पते हैं, होंठों पर पपड़ी पड़ती है,
गर तुम्हें हमारी खबर मिले, अश्रु बरसात करोगी ना
मुझको याद करोगी ना...

Thursday, June 14, 2012

जाने क्या क्या छूट गया

कुदरत का आंचल छूट गया,
वो प्यार का दामन छूट गया,
जाने क्या-क्या छूटा हमसे,
वो प्यारा बचपन छूट गया.

जब याद मुझे वो आता है,
दिल मन ही मन पछताता है,
पतझड़ में खड़ा मैं आज यहाँ,
वो रिमझिम सावन छूट गया.

ना भला था, ना बुरा था,
दिल दिल से सच्चा जुड़ा था,
अब हाय, मतलबी दुनिया में,
निर्दोष वो बंधन छूट गया.

ना चाह थी मुझको पाने की,
ना कुछ खोने का डर ही था,
अब आज की आपाधापी में,
वो कल का जीवन छूट गया.

Monday, October 31, 2011

जन नेता

एक पडोसी का लड़का, मुझसे आकर कहता है,
कौन है ये कुरते वाला जो, बगल में अपने रहता है.
मैंने कहा, ये जीव अजब सा, जन नेता कहलाता है,
जन के कण कण को ये बंदा, रूप बदल कर खाता है.

एक रूप है दीन-हीन सा, घर घर झोली फैलाता है,
दूजे रूप में ये बंदा, विकराल काल बन जाता है.
आये चुनाव तो चुपके से, जन प्रतिनिधि बन जाता है,
अगर कही से जीत गया तो, सर्पदंश दिखलाता है.

दंश लगा दे एक बार तो, मर जाए हम पड़े पड़े,
और हमारी लाशो पर वो, अपनी कमाई खाता है.
बाढ़, सूखा, अकाल पर, रोया नहीं जाता इस से,
हाँ पर, इस विषय पर, घडियाली  आंसू  बहाता है.

जो दिल में दया होगी तेरे, तू कभी नहीं ऐसा  बनना,
आज का चोर और रावण, जन नेता कहलाता है

छाया

मेरे जीवन तट पर ऐसे, दो वृक्षों की छाया है,
एक ने मुझे बनाया है, एक ने मुझे बसाया है.

रिश्ते

बादल की ज़रुरत क्या है, कोई पूछे रेगिस्तान से,
पानी की ज़रुरत क्या है, कोई पूछे किसी किसान से,
शायद ना किसी को होगी, अब इतनी ज़रुरत तेरी,
मुझको है ज़रुरत ऐसी, जैसी होंठों की मुस्कान से.

चाहा है तुम्हें हमने, जैसे लौ को परवाना,
परवाने से भी बढ़के, मैं हूँ तेरा दीवाना.
वो जलता है शमां में, मैं तुझमें ही जीता हूँ,
तुझसे मेरा है रिश्ता जैसे, चेहरे की पहचान से.

Sunday, October 23, 2011

गंगा की कथा

क्यों बिछड़ रही है गंगा हमसे,

कौन हैं वो, जो ऐसा जाल बिछाएँ हैं,
क्या वो, जो सत्ता पे नज़रें जमाएँ हैं,
या वो, जो ऊँची-ऊँची इमारतें बनाएँ हैं,

दूर हो रही हैं, पावन नदियाँ हमसे,
क्यों बिछड़ रही है गंगा हमसे,

मुझे वो दिन बचपन के याद आते हैं,
जब इन्ही तटों पर अपना बसेरा था,
गुज़रती थी शामें, इनकी लहरों में,
इनकी हवाओं में, अपना सवेरा था.

जाने कब छूट गयी, वो दुनिया हमसे,
क्यों बिछड़ रही है गंगा हमसे,

जाने कितने प्राणियों का, ये तारणहार थी,
कितनी नौकाएं थी, जिनका ये पतवार थी,
भेद ना करती थी, रंग रूप गुण दोष में,
तटस्थलियों की जीविका का आधार थी.

रूठ गयी है वो अब तन्हा हमसे,
क्यों बिछड़ रही है गंगा हमसे,

वो छठ का त्यौहार बड़ा याद आता है,
जब गंगा की तटों पर मेला लगता था,
आते थे दूर-दूर से, जनमानस दर्शन को,
हर चेहरा था पराया, पर अपना लगता था.

छूट गया है वो भी जलसा हमसे,
क्यों बिछड़ रही है, गंगा हमसे.

Tuesday, July 19, 2011

वृक्षों को ना काटो

 वृक्षों को ना काटो भैया, वृक्षों को ना काटो,
ये ही जीवन है, सुख-दुःख तुम इनके संग ही बाँटो.

वृक्ष ही देते हैं छाया, और वृक्ष ही दें हरियाली,
वृक्ष तले ही मिलती है, शान्ति और खुशहाली,
अपने जीवन-पथ से तुम इन, मित्रों को ना छाँटो,
वृक्षों को ना काटो.

वृक्ष सबों के प्राण-पखेरू, वृक्ष ही जीवन-धन हैं,
वृक्ष की छाया में अपना, तन-मन-जीवन अर्पण है,
वृक्ष उगाओ, वृक्ष बचाओ, ये संदेसा बाँटो,
वृक्षों को ना काटो.

- - एक छोटा प्रयास उनके लिए, जो मानव-जाति के कल्याण के लिए अवतरित हुए हैं.

Monday, January 10, 2011

हाँ हाँ, यही जिंदगी

कभी ख़ुशी की, कभी ग़म की,
धूप-छावं सी जैसी जिंदगी.
देख सको तो रूप भी है ये,
नहीं तो बस, बेबसी जिंदगी.

देखा है उनको भी ऐसे ही,
नन्ही सी है ख़ुशी जिंदगी,
मजबूरियाँ है फिर भी उन्हें,
कभी दुःख, कभी हँसी जिंदगी.

पलकें बिछाएं बैठे हैं,
कि मिल जाए वही जिंदगी,
जो हाथ आये, थोड़ा है,
फिर है ये, कैसी जिंदगी.

कभी सुना है, किस्सों में,
कि लगती है, परी जिंदगी,
देखा जो खुद के अक्स में,
कहाँ है वो, हसीं जिंदगी.

मिल जाए, जो मुक़द्दर है,
खो जाए, वो गयी जिंदगी,
हूँ मैं, खोने पाने से अलग,
जो मिल गयी, वही जिंदगी.

Friday, December 17, 2010

रास्ते की बात

समय के पथ पर चलता हूँ,
मैं अनजान रस्ता हूँ,
ना समझो तो पराया हूँ,
और समझ सको तो अपना हूँ.

है लगन अगर तो पार करो,
और नहीं लगन तो खड़े रहो,
या तो डूबो मझधारे में,
या बैठ किनारे पड़े रहो.

जो चाह तुम्हें कुछ पाने की,
तो आओ, मुझपे आगे बढ़ो,
यत्न करोगे, तो पाओगे,
बस विजय गीत का गान करो.

कुछ जीते हैं, कुछ हारे हैं,
और कुछ किस्मत के मारे हैं,
जो बैठे रहे, वो सिमट गए,
जो आगे बढे, मेरे प्यारे हैं.

ये समय चक्र यूँ चलता है,
और पथिक अनगिनत आते हैं,
हैं मंजिल पाते, वो अपनी,
हम यही खड़े रह जाते हैं.

है इतनी सी ये अपनी कथा,
बस तुमको आज सुनानी है,
मत बढ़ो तुम गैरों की डगर,
तुम्हें अपनी राह बनानी है.

Monday, November 29, 2010

परछाइयां

समय की जब टिक -टिक  सुनाई  देती  है ,
आँखों  में  जब  काल  की , छाया दिखाई  देती  है ,
तब  सोचते  हैं  हम , कि  क्या  लम्हा  गुज़र  गया ,
जो  ख्वाब  था  आँखों  में , आसुओं  में  उतर  गया ,
अब  ना  ख्वाब  बाकी  है , ना  एहसास  बाकी  है ,
जीना  तो  चाहे  हैं  हम , पर  अब  ना  सांस  बाकी  है ,
गुज़रे  हुए  लम्हे , जो  अफ़साने  ना  बन  सके ,
जो  टूटे  थे  प्याले , पैमाने  ना  बन  सके ,
और  उन्ही  टूटे  प्यालो  में , खुद  को  ढूंढता  हूँ ,
कौन  हूँ  मैं , उन  परछाइयों  से  पूछता  हूँ .

हरकारा

दूर कहीं जब नदिया में, कोई हरकारा गाता है,
अपने चिर-परिचित परिजनों का, वो संदेसा लाता है.

कभी तो सुख की बरखा लाये, कभी लाये दुःख की घटा,
कभी लाये ममता का आँचल, कभी किसी प्रेमी की वफ़ा.
आंधी आये, तूफाँ आये, वो कभी ना रुकने पाता है,
अपने चिर-परिचित परिजनों का, वो संदेसा लाता है.

कभी लाये होली की खुशियाँ, कभी ईद- दीवाली की,
कभी किसी बेटी की बिदाई, कभी चाह खुशहाली की.
दीन-दुखी हो या खुशहाल, सबके रंग में रंग जाता है,
अपने चिर-परिचित परिजनों का, वो संदेसा लाता है.

जग-जीवन के पद-चिह्नों पर, वह हरदम चलता रहता है,
दुःख हो कितना निज-जीवन में, वो हरदम बढ़ता रहता है.
सुख बांटो और दुःख बांटो तुम, यह अमर संदेस सुनाता है,
अपने चिर-परिचित परिजनों का, वो संदेसा लाता है.

Wednesday, September 22, 2010

सूरज का सन्देश

सूरज सुबह-सुबह आता है,
ये संदेशा लाता है;
नित-नित चलता है जो पथ पे,
मंजिल वो ही पाता है.
सदा चलो तुम, सदा बढ़ो तुम,
आगे बढ़ते जाओगे,
रही चाह जो यही निरंतर,
मंजिल तुम भी पाओगे.

Friday, June 4, 2010

wow !!! The blog is created now

जो स्याही थी वो सूख गयी, जो कलम कभी थी टूट गयी,
अपने रूठे तो यूँ रूठे, गजलें भी हमसे रूठ गयी.

गुज़रे हुए उन लम्हों से, गजलें हम फिर भी निकालेंगे,
जो पास बचा है ग़म शायद, हम गीत में उसको ढालेंगे.
पुरज़ोर हम अपनी यादो को, यूँ शब्दों में सुलगाएँगे,
ना धुंआ रहे, ना होगी राख, बस दिए दिए जल जायेंगे।

कुछ अनछुए पन्ने